श्रमिक अधिकारों की ओर एक पहल

आज दिनांक 16 जनवरी 2026 को नागरिक अधिकार मंच के साथियों द्वारा चंडाल भाटा बस्ती में स्थित मजदूर सहायता केंद्र का एक सामान्य विज़िट किया गया। इस विज़िट के दौरान बस्ती में मौजूद कई मजदूर भाई-बहनों ने संबल योजना, बीओसीडब्ल्यू (BOCW) योजना एवं ई-श्रम कार्ड से संबंधित जानकारी लेने की इच्छा जताई और अपने कार्ड बनवाने की मांग रखी। मजदूरों की आवश्यकता को देखते हुए नागरिक अधिकार मंच के साथियों ने मौके पर ही मजदूर सहायता केंद्र में बैठकर सभी आवश्यक कार्यवाही शुरू की, जिसके लिए मजदूर स्वयं सहायता केंद्र पर पहुँचे।

इस प्रक्रिया के दौरान लगभग 40 लोगों ने योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की एवं उनका लाभ लिया। कुल 18 मजदूरों के संबल योजना हेतु नए आवेदन किए गए। वहीं 12 मजदूर ऐसे पाए गए, जिनके संबल कार्ड पहले से ही बने हुए थे। ऐसे सभी मजदूरों के संबल कार्ड डाउनलोड कर उन्हें उपलब्ध कराए गए। इसके अतिरिक्त 1 श्रमिक का ई-श्रम कार्ड बनाकर उसकी सॉफ्ट कॉपी प्रदान की गई। साथ ही 2 मजदूरों के बीओसीडब्ल्यू कार्ड पोर्टल पर जांच कर उन्हें ई-केवाईसी कराने की जानकारी दी गई।

विज़िट के दौरान मध्य प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल की उस महत्वपूर्ण पहल की जानकारी भी श्रमिकों को दी गई, जिसके अंतर्गत सभी पंजीकृत श्रमिकों के लिए एक माह के भीतर ई-केवाईसी कराना अनिवार्य है। नागरिक अधिकार मंच के साथियों ने यह जानकारी मजदूर भाई-बहनों तक पहुँचाई ताकि उनका पंजीयन निरस्त न हो और वे योजनाओं का लाभ निरंतर प्राप्त कर सकें।

इस विज़िट के माध्यम से मजदूरों में योजनाओं को लेकर जागरूकता बढ़ी और बड़ी संख्या में लोगों ने प्रत्यक्ष रूप से इसका लाभ उठाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *